Event Details

Sanskar Nirman Shivir

Only Girls

कन्या संस्कार निर्माण शिविर – पांच दिवसीय विस्तृत प्रतिवेदन

Schedule Date 30 Oct 2026
to 03 Nov 2026
Venue / Location Mumbai
Event Glimpses & Photos

Memories and highlights captured during the shivir.

10 Photos
About This Event
आयोजन अवधि : 30 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026
स्थान : तेरापंथ भवन, कांदिवली, मुंबई
आयोजक : श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा के तत्वावधान में श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा – मुंबई

आध्यात्मिक सान्निध्य एवं मार्गदर्शन

युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी की विदुषी शिष्या शासनश्री साध्वीश्री विद्यावतीजी (द्वितीय) ठाणा-5 के पावन सान्निध्य में पांच दिवसीय कन्या संस्कार निर्माण शिविर का आयोजन तेरापंथ भवन, कांदिवली में किया गया। मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों से आईं कुल 108 बालिकाओं ने शिविर में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

साध्वीश्री प्रियंवदाजी, साध्वीश्री प्रेरणाश्रीजी, साध्वीश्री मृदुयशाजी एवं साध्वीश्री ऋद्धियशाजी ने शिविर के दौरान बालिकाओं को आध्यात्मिक संस्कार, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं जीवन निर्माण से संबंधित प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्रदान किया।

मुंबई सभा के अध्यक्ष का मार्गदर्शन एवं नेतृत्व

मुंबई तेरापंथी सभा के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कोठारी ने शिविर की संकल्पना एवं उद्देश्य को दिशा प्रदान करते हुए बालिकाओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया। उन्होंने बालिकाओं को संस्कार, आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

मुंबई सभा की ओर से इस शिविर की संयोजिकाद्वय श्रीमती सुमन चपलोत एवं श्रीमती राजश्री कच्छारा ने अपनी टीम के साथ शिविर की विभिन्न गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का कुशल संचालन किया।

---

30 अक्टूबर 2026 – पंजीकरण, स्वागत एवं प्रारंभिक गतिविधियाँ

शिविर के प्रथम दिन विभिन्न क्षेत्रों से आईं बालिकाओं का पंजीकरण किया गया। तेरापंथ भवन, कांदिवली में पहुंची सभी बालिकाओं का आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें शिविर की रूपरेखा एवं आगामी दिनों में आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी गई।

सायंकालीन सत्र में बालिकाओं के आपसी परिचय, सहभागिता एवं उत्साहवर्धन के उद्देश्य से दो विशेष गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनके माध्यम से बालिकाओं को एक-दूसरे से परिचित होने, समूह भावना विकसित करने तथा शिविर के वातावरण से सहज रूप से जुड़ने का अवसर मिला।

31 अक्टूबर 2026 – उद्घाटन समारोह एवं विविध प्रशिक्षण सत्र

31 अक्टूबर को प्रातः शासनश्री साध्वीश्री विद्यावतीजी (द्वितीय) एवं साध्वीवृंद के पावन सान्निध्य में शिविर का विधिवत उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। साध्वीश्री प्रियंवदाजी ने बालिकाओं को संस्कार, विनम्रता, अनुशासन, संयम एवं सद्व्यवहार का महत्व समझाते हुए जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। साध्वीश्री प्रेरणाश्रीजी, साध्वीश्री मृदुयशाजी एवं साध्वीश्री ऋद्धियशाजी ने प्रेरणादायी गीत का सामूहिक संगान किया। "जय जय ज्योतिचरण – जय जय महाश्रमण" के जयघोष के साथ शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ।

मुंबई तेरापंथी सभा के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कोठारी ने अपने उद्बोधन में बालिकाओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर समर्पण, दृढ़ निश्चय एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने जीवन में सफलता एवं लक्ष्य प्राप्ति के लिए 5D सूत्र — Direction, Dedication, Determination, Discipline एवं Deadline — को अपनाने की प्रेरणा दी।

शिविर के केंद्रीय संयोजक एवं महासभा के मुंबई आंचलिक प्रभारी श्री दिनेश सुतरिया ने शिविर की रूपरेखा एवं उसके व्यापक उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

उद्घाटन सत्र में महासभा के पंचमंडल सदस्य श्री किशनलाल डागलिया, भारत जैन महामंडल युवा शाखा के अध्यक्ष श्री भूपेश कोठारी, मुंबई सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री महेंद्र तातेड, श्री गणपत डागलिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इसके पश्चात बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं रचनात्मक विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। योग प्रशिक्षक श्रीमती निर्मला मेहता ने फिटनेस सत्र के माध्यम से स्वास्थ्य, शारीरिक सक्रियता एवं नियमित व्यायाम का महत्व समझाया।

श्रीमती प्रीति डागलिया ने Creative Visualization के माध्यम से एकाग्रता एवं सकारात्मक चिंतन बढ़ाने का अभ्यास करवाया। मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. कृष्णा अभिषेक घोष ने वर्तमान समय की चुनौतियों एवं परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। श्रीमती ममता भंडारी एवं श्रीमती मीता गुंदेचा ने आउटडोर गेम्स के माध्यम से मनोरंजक एवं सक्रिय गतिविधियाँ करवाईं।

शनिवार की सामायिक में तेरापंथ प्रबोध का सामूहिक संगान हुआ। रात्रिकालीन सत्र में गायक अभिजीत की सुमधुर संगीत प्रस्तुति ने बालिकाओं में नया उत्साह एवं उमंग भर दिया।

1 नवंबर 2026 – ज्ञानवर्धक सत्र, जीवन कौशल एवं मनोरंजक गतिविधियाँ

इस दिन बालिकाओं के लिए जुहू चौपाटी का भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान श्रीमती दिशा बदामिया ने ऊर्जावान Zumba सत्र करवाया, जिसमें बालिकाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

प्रोफेसर श्रीमती रत्ना कोठारी ने लोक-अलोक विषय पर रोचक एवं ज्ञानवर्धक सत्र लिया। उन्होंने विषय को सरल ढंग से समझाते हुए बालिकाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

मोटिवेशनल स्पीकर श्रीमती शीतल सांखला ने आधुनिक जीवनशैली में उपयोगी Table Etiquettes का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने भोजन के समय शिष्टाचार, व्यवहार एवं सामाजिक मर्यादाओं के महत्व को समझाया।

सीए श्रीमती तरुणा बोहरा ने टॉक शो के माध्यम से बालिकाओं के साथ संवाद किया तथा उनके प्रश्नों के उत्तर देते हुए विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। न्यूट्रिशन विशेषज्ञ श्रीमती आशा तातेड ने Mindful Eating सत्र में संतुलित एवं स्वस्थ आहार, भोजन के प्रति जागरूकता तथा अच्छी खानपान आदतों का महत्व समझाया। श्रीमती दर्शना ने पैकिंग को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए उपयोगी टिप्स दिए।

रात्रिकालीन सत्र में श्रीमती हेमलता मादरेचा एवं श्रीमती कुसुम हिरण ने Spiritual Cricket के माध्यम से मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धक गतिविधि करवाई। इस अनूठी गतिविधि में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

2 नवंबर 2026 – योग, आध्यात्मिक ज्ञान एवं समापन सत्र

इस दिन की शुरुआत श्रीमती विमला दुगड़ द्वारा करवाए गए योग सत्र से हुई। इस सत्र में बालिकाओं को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक एकाग्रता एवं नियमित योगाभ्यास के महत्व से परिचित कराया गया।

एमसीए श्री राकेश कोठारी ने आचार्य भिक्षु के सिद्धांतों एवं उनके जीवन दर्शन को कहानी और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सरल एवं रोचक ढंग से समझाया। साइकोलॉजिस्ट जिया बाफना ने मनोवैज्ञानिक समझ एवं व्यक्तित्व विकास विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बालिकाओं को अपनी भावनाओं को समझने, आत्मविश्वास विकसित करने तथा जीवन की परिस्थितियों का सकारात्मक ढंग से सामना करने के लिए प्रेरित किया।

सायंकालीन सत्र में शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिविर के राष्ट्रीय संयोजक श्री राजेश बाफना, सूरत ने बालिकाओं की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे शिविरों में सहभागी बनने का आह्वान किया।

बालिकाओं ने शिविर के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए तथा कुछ बालिकाओं ने विभिन्न विषयों पर सुंदर एवं आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रस्तुतियों में उनके आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल एवं रचनात्मकता की झलक देखने को मिली।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं का सम्मान

समापन समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया।

- Best Group Leader : विरार की साधना फूलफगर
- Allrounder Student Award : पालघर की रूही सिंघवी
- Best Spiritual Student Award : पालघर की तीथि जैन एवं कोपरखैरने की डिम्पल चिपड़

इसके अतिरिक्त शिविर में सहभागी सभी बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया।

मुंबई तेरापंथी सभा के कोषाध्यक्ष श्री रिंकू बाफना ने साध्वीवृंद के श्रम एवं समर्पण की सराहना करते हुए शिविर के पांचों दिनों में सेवा एवं समय देने वाली सभी महिला कार्यकर्ताओं के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।

श्री तुलसी महाप्रज्ञ फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री मेघराज धाकड़ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए शिविर के आयोजन एवं उसके उद्देश्यों की सराहना की।
शिविर संयोजिका श्रीमती राजश्री कच्छारा ने कहा कि बालिकाओं का उत्साह एवं सहभागिता अत्यंत प्रेरणादायी रही। गुरुदेव के आशीर्वाद, साध्वीवृंद के मार्गदर्शन, प्रशिक्षकों की मेहनत एवं पूरी टीम के सहयोग से यह आयोजन सफल एवं यादगार बन सका।

समापन समारोह में महासभा के मुंबई आंचलिक प्रभारी श्री दिनेश सुतरिया, श्री तुलसी महाप्रज्ञ फाउंडेशन के मंत्री श्री जगदीश परमार एवं बालिकाओं के अभिभावकों सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
अंत में शिविर संयोजिका श्रीमती सुमन चपलोत ने कार्यक्रम में पधारे सभी अभिभावकों, अतिथियों एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

3 नवंबर 2026 – मंगलपाठ, साध्वीवृंद के दर्शन एवं विदाई

शिविर के अंतिम दिन प्रातः बालिकाओं ने साध्वीवृंद के दर्शन किए तथा मंगलपाठ का श्रवण किया। साध्वीश्री के मंगल आशीर्वाद एवं प्रेरणादायी संदेश के साथ बालिकाओं को विदाई दी गई। पांच दिनों तक प्रशिक्षण एवं विभिन्न गतिविधियों में सहभागी बनी बालिकाएँ अपने साथ नए अनुभव, ज्ञान, संस्कार एवं अविस्मरणीय स्मृतियाँ लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं।

आयोजन में कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान

शिविर के सफल आयोजन एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के कुशल संचालन में मुंबई सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं शिविर संयोजक श्री विनोद बोहरा, मंत्री श्री गौतम डांगी, श्री अजय डांगी एवं श्री सुनील संचेती का विशेष योगदान एवं सक्रिय सहयोग रहा। इन सभी ने शिविर की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों में समर्पित भाव से अपनी सेवाएँ प्रदान कीं।

महिला कार्यकर्ताओं में श्रीमती अंजु चौधरी, श्रीमती नयना धाकड़, श्रीमती वनिता धाकड़, श्रीमती मधु मेहता, श्रीमती सविता सिंघवी, श्रीमती नीता कोठारी, श्रीमती अस्मिता गांधी, श्रीमती हेमा बडोला, श्रीमती सुरभि गोखरू, श्रीमती मंजु सिंघवी, श्रीमती नीलम कोठारी एवं रील मेकर किट्टू का विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों में सराहनीय सहयोग रहा।

श्री तुलसी महाप्रज्ञ फाउंडेशन द्वारा आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं में सहयोग प्रदान किया गया। आयोजन को सफल बनाने में महासभा, मुंबई सभा, स्थानीय कार्यकर्ताओं, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं सभी सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

निष्कर्ष:

पांच दिवसीय कन्या संस्कार निर्माण शिविर बालिकाओं के आध्यात्मिक, नैतिक, शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास की दिशा में एक सार्थक एवं उपयोगी पहल सिद्ध हुआ। शिविर में बालिकाओं को धार्मिक एवं आध्यात्मिक संस्कारों के साथ-साथ आधुनिक जीवन के लिए आवश्यक व्यावहारिक ज्ञान, जीवन कौशल, स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के अवसर प्राप्त हुए।

यह शिविर केवल पांच दिनों का प्रशिक्षण कार्यक्रम न होकर बालिकाओं के जीवन में संस्कारों के बीजारोपण एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास रहा।

प्रस्तुति : प्रिंट मीडिया विभाग
श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा – मुंबई
Event Coordinator
VINOD JAIN
9821232327
Home Events Gallery Contact